मीरापुर के सैकड़ों वर्ष पुराने शिव मंदिर को स्वामी यशवीर महाराज ने असंख्य सनातनियो के साथ हवन पूजन कर किया जागृत:-

मंदिर पुनर्जागरण पर मीरापुर के सनातन प्रेमियों ने लगाये जय श्री राम व हर हर महादेव के नारे।

ओजस्वी मन न्यूज़:-

                           मीरापुर के हिन्दू जनमानस की भावनाओं को सम्बल प्रदान करते हुए स्वामी यशवीर महाराज ने गुरुवार 13 फरवरी को मीरापुर के मोहल्ला मुस्तर्क में स्थित करीब 600 साल पुराने ऐतिहासिक शिव मंदिर को यज्ञ पूजन के साथ जागृत किया।यह मंदिर वर्षों से वीरान पड़ा था , जिसके पुनर्जागरण के लिये भक्तगण लंबे समय से प्रयासरत थे।

                             बघरा स्थित योग केंद्र के संस्थापक स्वामी यशवीर महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व होने के बावजूद वर्षों से यह मंदिर उपेक्षित था। बताया जाता है कि पहले इस क्षेत्र में ब्राह्मण परिवार निवास करते थे, लेकिन समय के साथ मुस्लिम आबादी बढ़ने लगी। उन्होंने बताया कि मुस्लिम समाज के उत्पीड़न के चलते वर्ष 1989 में ब्राह्मण परिवारों ने अपनी जमीन बेचकर यहां से पलायन कर लिया, जिसके बाद यह मंदिर बंद हो गया। उन्होंने बताया कि यह एक प्राचीन शिव मंदिर है, जिसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। 

                 प्राप्त जानकारी के अनुसार उपर्युक्त मंदिर के संरक्षण और पुनर्जागरण को लेकर संत समाज और श्रद्धालुओं के बीच चर्चा हुई। जिसके पश्चात आज 13 फरवरी को स्वामी यशवीर महाराज के नेतृत्व में हवन-पूजन का आयोजन किया गया।स्वामी यशवीर महाराज के मीरापुर पहुंचने पर हिन्दू जनसमुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया।इसके पश्चात सरस्वती शिशु विद्या मंदिर से सैकड़ों सनातनियो के साथ स्वामी यशवीर महाराज मंदिर स्थल पर पहुंचे।यहाँ पर यज्ञ अनुष्ठान के माध्यम से मंदिर को पुनः जागृत किया गया। इस धार्मिक आयोजन में संत समाज के साथ-साथ क्षेत्र के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में नियमित रूप से धार्मिक गतिविधियां शुरू करने का संकल्प लिया गया।स्वामी यशवीर महाराज ने कहा कि यह मंदिर सिर्फ पूजा का स्थल नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक भी है। इसके संरक्षण के लिए स्थानीय लोगों को आगे आना होगा। श्रद्धालुओं ने भी मंदिर की देखभाल और नियमित पूजा के लिए सहयोग करने की इच्छा जताई।इस आयोजन के बाद मंदिर में भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक आस्था पुनः जागृत हो रही है।मंदिर पुनर्जागरण कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड़ पर रहा।