बूथस्तरीय प्रबंधन को परखने मीरापुर पहुंचे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष:-
ओजस्वी मन मीरापुर:-
विधानसभा उपचुनाव को लेकर बढ़ रही सियासी हलचल के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी आज सोमवार को मीरापुर पहुंचे और भाजपा-रालोद गठबंधन की संयुक्त प्रत्याशी मिथलेश पाल को विजयी बनाने के क्रम में सांगठनिक ढांचे को चुनाव अभियान हेतु सक्रिय किया।
कस्बे के बाईपास स्थित ग्रैंड शहनाई बैंकट हॉल में आयोजित पार्टी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी,बूथ पालक,शक्ति केंद्र संयोजक,प्रवासी, सेक्टर प्रभारी सहित विधानसभा के पांचों मंडल अध्यक्षो व सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को चुनाव में विजय का मंत्र दिया।उन्होंने कहा कि हमारा फोकस एक-एक मतदाता से सीधा संपर्क कर मतदान हेतु प्रेरित करने का होना चाहिये।उन्होंने कहा कि हमारा मतदान प्रतिशत कम नही होना चाहिये , इसके लिये निरंतर कार्य करना होगा।
वहीं भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि हम सभी को घर घर जाकर यह संदेश भी देना होगा कि आने वाले गंगास्नान पर्व से पूर्व राष्ट्रहित में मतदान करें और फिर गंगास्नान करें।उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता यदि अपनी-अपनी जिम्मेदारी को सही तरीके से पूर्ण करेंगे तो निश्चित रूप से चुनाव परिणाम हमारे पक्ष में रहेगा।भूपेंद्र चौधरी बोले कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देश व प्रदेश में विकास के अनगिनत कार्य किये हैं।भाजपा सरकार में किसानों की स्थिति में सकारात्मक बदलाव हुआ है।भाजपा सरकार ने बिजली,पानी,सड़क,स्वास्थ्य,शिक्षा आदि सभी क्षेत्रों में विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्य किये हैं।प्रदेश में आज कानून का राज स्थापित करने का कार्य भाजपा सरकार ने किया है।वहीं उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को चुनावी मिशन में जुटने का आवाहन किया।इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया ने भी संगठन के पदाधिकारियों के संवाद कर चुनावी कार्यो की समीक्षा की।रालोद व भाजपा की संयुक्त प्रत्याशी मिथलेश पाल ने अपने पक्ष में समर्थन की अपील करते हुए कहा कि वह जनता जनार्दन की अपेक्षाओं पर पूर्णतः खरा उतरेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता रालोद के जिलाध्यक्ष संदीप मलिक ने की व संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने किया।कार्यक्रम में भाजपा व रालोद के शीर्ष पदाधिकारी, मंत्रीगण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।