कपिल देव अग्रवाल के कार्यक्रम की लग रही होड़,मिल रहा भरपूर जनसमर्थन--
शहर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी एवं स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के कार्यक्रम लगवाने के लिये क्षेत्रवासियों में होड़ सी लगी है।जगह जगह आयोजित हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों में उमड़ रही भीड़ देखकर कपिल देव के समर्थकों में उत्साह की लहर है।इसका बड़ा कारण शहर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी कपिल देव अग्रवाल का सौम्य व्यक्तित्व एवं पांच साल में उनके द्वारा कराये गये विकास कार्य हैं।शहर विधानसभा क्षेत्र में घर-घर कपिल देव अग्रवाल की ही चर्चा है।
यूपी विधानसभा के पहले चरण की वोटिंग 10 फरवरी को है।जिसको लेकर सभी विधानसभाओं के प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोंककर चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।वहीं मुज़फ्फरनगर शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी कपिल देव अग्रवाल की लोकप्रियता लोगो मे चर्चा का विषय बनी हुई है।कपिल देव अग्रवाल शहर सीट से वर्तमान में विधायक हैं और यूपी सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री हैं।उनके बारे में कहा जाता है कि वह बेहद मृदु और विनम्र स्वभाव रखते हैं और क्षेत्रवासियों के लिये सदैव तत्पर रहते हैं।क्षेत्रवासियों की समस्याओं को बड़े ध्यान से सुनते हैं और तत्काल यथोचित निस्तारण का प्रयास भी करते हैं।बीते पांच साल में कपिल देव की लोकप्रियता काफी तेजी से बढ़ी है।यही कारण है कि भाजपा हाईकमान ने उन पर फिर से भरोसा जताते हुए टिकट दिया है।हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री उनके लिये चुनाव प्रचार करने मुज़फ्फरनगर आये थे।अमित शाह के मुज़फ्फरनगर आने पर शहर में जनसैलाब उमड़ पड़ा।अमित शाह ने कपिल देव के लिये डोर टू ड़ोर प्रचार किया,जिसके बाद से कपिल देव अग्रवाल के पक्ष में एक लहर सी चलती दिखाई पड़ रही है।कपिल देव अग्रवाल एक ओर प्रतिदिन घर घर जाकर लोगो से संवाद कर भारतीय जनता पार्टी के लिये समर्थन मांग रहे हैं तो दूसरी ओर क्षेत्रवासियों द्वारा आयोजित किये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों में भी उपस्थित होकर जनआशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।क्षेत्र की जनता का यह असीम स्नेह देखकर कपिल देव के समर्थक उनकी बड़ी जीत मानकर चल रहे हैं।
ओजस्वी मन पत्रिका से चर्चा करते हुए कपिल देव अग्रवाल ने योगी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि आज प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है।पांच वर्ष पूर्व विपक्ष की सरकारों में प्रदेश की स्थिति भयावह थी।गुंडागर्दी चरम पर थी।सूर्यास्त के बाद लोग घर से निकलने से डरते थे।बहू-बेटियां सुरक्षित नही थी।छोटी-छोटी बातों पर दंगे हो जाया करते थे।लूट-खसोट,चोरी,गुंडागर्दी, अराजकता जैसे यूपी की पहचान बन गयी थी।लेकिन 2017 में योगी सरकार बनने के बाद यूपी की तस्वीर एकदम बदलने लगी।प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो गया।अपराधी या तो पुलिस के हाथों यमलोक चले गये या प्रदेश छोड़ने को मजबूर हो गये।आज हमारी बहू बेटियां भाजपा सरकार में स्वयं को सबसे ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही है।अब प्रदेश में दंगे नही होते हैं और कोई भी गुंडागर्दी नही कर सकता है।योगी राज में प्रदेश में विकास के अनेक कार्य कराये गये हैं।अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण से पूरे प्रदेश में हर्ष और उत्साह की लहर है।इसीलिये यूपी की जनता एक बार फिर प्रदेश में भाजपा सरकार लाने के लिये उत्सुक है।कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि इस बार भी यूपी में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनने जा रही है।